पालघर: बोईसर में लोक कल्याण संस्था द्वारा कर्मकांडीय ब्राह्मणों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न।

पालघर: बोईसर में लोक कल्याण संस्था द्वारा कर्मकांडीय ब्राह्मणों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर शहर में बुधवार, 15 अक्टूबर को लोक कल्याण संस्था (रजि.) द्वारा एक भव्य एवं आध्यात्मिक माहौल से परिपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य लौकिक एवं परलौकिक दोनों ही उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सतत यज्ञ, अनुष्ठान, पूजा-पाठ और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में संलग्न कर्मकांडीय ब्राह्मणों का सम्मान करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत विधि-विधान से की गई। तपस्वी आश्रम संजान से पधारे श्री श्री 108 झारखंड ऋषि जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अन्य गणमान्य अतिथियों ने भगवान परशुराम, महर्षि वेदव्यास और छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान मंच पर उपस्थित सभी ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन और शंखनाद करते हुए सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा टीमा ऑडिटोरियम भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।

समारोह के आरंभ में उद्योगपति स्व. महेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात आमंत्रण पर पधारे कुल 65 वेदपाठी एवं कर्मकांडीय ब्राह्मणों का पारंपरिक सत्कार किया गया। आयोजकों एवं अतिथियों ने उन्हें सम्मानचिन्ह भेंट कर, दक्षिणा स्वरूप पारितोषिक और ब्राह्मण भोजन के साथ विदा किया।
इस अवसर पर टीमा के नव नियुक्त चेयरमैन डी. के. राऊत का भी भव्य सत्कार किया गया। संयोगवश उनके जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम में वेदपाठी ब्राह्मणों ने मंगलाचरण और शंखनाद के बीच पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन लोक कल्याण संस्था के महासचिव राजू शर्मा ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में ब्राह्मणों की समाज निर्माण में भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें “धार्मिक रीढ़” की संज्ञा दी। संस्था के प्रमुख संरक्षक उद्योगपति रणवीर शर्मा ने अपने संबोधन में पुरोहितों से ईश्वरीय सेवा में निष्ठा और कर्मपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा दी तथा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
संस्था के अध्यक्ष स्वामी नाथ पाण्डेय, उपाध्यक्ष एड. शोभनाथ त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष रोहितास शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने मीडियाकर्मियों, समाजसेवियों, उद्योजकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि सम्मिलित हुए।
भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण यह आयोजन बोईसर में धार्मिक सौहार्द और लोककल्याण के संदेश के रूप में स्मरणीय बन गया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।