पालघर: बोईसर में कचरा समस्या पर मनसे की पहल, ग्रामपंचायत ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश।

पालघर: बोईसर में कचरा समस्या पर मनसे की पहल, ग्रामपंचायत ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के बोईसर पूर्व दांडीपाडा क्षेत्र में स्टार किड्स स्कूल और मुंबई पब्लिक स्कूल के सामने लंबे समय से जमा कचरे को लेकर सोमवार, 14 अक्टूबर 2025 को मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने बोईसर ग्रामपंचायत कार्यालय में जाकर संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की।
कचरे की गंभीर समस्या को लेकर नागरिकों ने बताया कि विद्यालयों के सामने यह गंदगी बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन चुकी है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए मनसे पालघर उपतालुका अध्यक्ष सत्यम मिथिलेश मिश्रा, महाराष्ट्र सैनिक तन्मय संखे, मनसे उपविभाग अध्यक्ष वसंत रमेश तरसे, और स्थानीय नागरिक सुरेश धोड़ी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय निवासी ग्रामपंचायत कार्यालय पहुंचे।
प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामपंचायत के सरपंच से मुलाकात कर शिकायत दर्ज की और कचरे की तुरंत सफाई के साथ-साथ कचरा कुंडी को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए ग्रामपंचायत के सरपंच ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जमा कचरे की जल्द से जल्द सफाई की जाए और कचरा कुंडी को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी से होने वाली समस्याओं का समाधान हो सके।
स्थानीय नागरिकों ने मनसे पदाधिकारियों की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि प्रशासन इसी तरह सक्रियता दिखाए तो बोईसर क्षेत्र स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक बन सकता है।

Comments