मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर बच्चों में गैर-संक्रामक बीमारियों के नियंत्रण के लिए अहम समझौता।

मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर बच्चों में गैर-संक्रामक बीमारियों के नियंत्रण के लिए अहम समझौता।

अखिलेश चौबे 
मुंबई। राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की विशेष पहल पर स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों में बढ़ती गैर-संक्रामक बीमारियों (एनसीडी) पर नियंत्रण के लिए नागपुर स्थित एम्स नागपुर के बाल रोग विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण सामंजस्य समझौता (एमओयू) किया है।
इस समझौते के माध्यम से राज्य में बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और सक्षम वातावरण तैयार करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य राज्य के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। गैर-संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस समझौते के जरिए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ठोस आधार तैयार किया जा रहा है।
इस एमओयू के तहत राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में “चाइल्डहुड एनसीडी क्लिनिक” स्थापित किए जाएंगे। इन क्लिनिक्स के माध्यम से टाइप-1 मधुमेह, जन्मजात हृदय रोग, दमा, मोटापा, सिकल सेल रोग, मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं तथा विकासात्मक विकारों जैसी बीमारियों की रोकथाम, समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मियों के विशेष प्रशिक्षण, मानकीकृत उपचार प्रणाली लागू करने, डेटा संग्रहण तंत्र विकसित करने तथा विशेषज्ञों के मार्गदर्शन पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इससे न केवल उपचार की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ और व्यवस्थित बनेंगी।
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की पहल पर किया गया यह समझौता अगले तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। इससे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में गुणवत्ता, पहुंच और समावेशिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ. निपुण विनायक, स्वास्थ्य सेवा आयुक्त एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक डॉ. कादंबरी बलकवडे, उपसचिव विलास बेंद्रे, एम्स नागपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ. प्रशांत जोशी तथा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी गिरीश सहित कई अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।