पालघर: विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के तत्वावधान में बोईसर में आज भव्य हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा, तैयारियाँ पूर्ण।
पालघर: विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के तत्वावधान में बोईसर में आज भव्य हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा, तैयारियाँ पूर्ण।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक नगर बोईसर में हर वर्ष के भांति इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के तत्वावधान में आज गुरुवार, 02 अप्रैल को एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया है, जिसकी सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोभायात्रा का शुभारंभ सायं 5:00 बजे बोईसर पश्चिम स्थित नावापुर रोड के पानी टंकी (टीमा ग्राउंड) से संतों के पावन सानिध्य में किया जाएगा। लगभग 5 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान पूरा नगर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के उद्घोष से गूंज उठेगा। आयोजन को लेकर नगर के प्रमुख मार्गों को केसरिया ध्वजों और पताकाओं से सजाया गया है, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया है।
विहिप के उत्तर मुंबई विभाग मंत्री चंदन सिंह ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा में अनेक आकर्षक झांकियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें श्री हनुमान, मां काली, छत्रपति शिवाजी महाराज तथा भगवान स्वामी अयप्पा की भव्य झांकियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त काशी का प्रसिद्ध रुद्र तांडव नृत्य, ढोल-ताशा पथक तथा पारंपरिक तारपा नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। इस्कॉन द्वारा श्रीजी (राधा-कृष्ण) की रथयात्रा एवं दुर्गा वाहिनी का लेझिम पथक भी शोभायात्रा में सम्मिलित रहेगा।
शोभायात्रा से पूर्व दोपहर 3:00 बजे टीमा ग्राउंड पर एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वैदिक विधि-विधान एवं शुद्धिकरण के साथ 251 परिवारों की पुनः घर-वापसी कराई जाएगी।
यह शोभायात्रा निर्धारित मार्गों—अवधनगर, मधुर रेस्टोरेंट, यशवंत सृष्टि एवं बोईसर स्टेशन मार्ग से होते हुए देर शाम सर्कस ग्राउंड में संपन्न होगी। समापन स्थल पर ‘समरसता यज्ञ’ एवं सामूहिक ‘हनुमान चालीसा’ पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत इस्कॉन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए ‘श्रीराम खिचड़ी’ महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
शोभायात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है। दोपहर 4:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक टांकी नाका-नावापुर रोड एवं स्टेशन मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
कुल मिलाकर, बोईसर में आयोजित यह भव्य शोभायात्रा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करेगी।
Comments
Post a Comment