पालघर: एलईडी स्क्रीन के जरिए सड़क सुरक्षा पर जिला पुलिस का फोकस, नागरिकों को किया जा रहा जागरूक।
पालघर: एलईडी स्क्रीन के जरिए सड़क सुरक्षा पर जिला पुलिस का फोकस, नागरिकों को किया जा रहा जागरूक।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिला पुलिस बल के अंतर्गत जिला यातायात शाखा द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। यह कार्य पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा पुलिस उप अधीक्षक (गृह) रविंद्र नाईक के मार्गदर्शन में सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
देशभर में हर वर्ष लगभग 1.50 लाख लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में होती है। इसी गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में पालघर पुलिस ने वर्ष 2022 में जिला यातायात शाखा की स्थापना की, जिसका उद्देश्य दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी कड़ी में जिला यातायात शाखा द्वारा विभिन्न जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल व्हटकर, प्रभारी अधिकारी के मार्गदर्शन में डहाणू, बोईसर, पालघर, वाडा, विक्रमगढ़ तथा जव्हार जैसे प्रमुख शहरों में ऐसे स्थानों पर कुल 8 एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, जहां आम नागरिकों की नजर आसानी से पड़ सके।
इन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं। इनमें वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाना तथा शराब पीकर वाहन न चलाने जैसी जरूरी हिदायतें शामिल हैं। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस पहल से नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। जिला यातायात शाखा लगातार इस दिशा में प्रयासरत है कि नागरिकों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और बाधारहित हो सके।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और पुलिस विभाग को सहयोग दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके और सभी के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
Comments
Post a Comment