पालघर: आश्रमशाला के विद्यार्थियों ने समुद्र तट पर उठाया वॉटर सर्फिंग का रोमांचक आनंद।

पालघर: आश्रमशाला के विद्यार्थियों ने समुद्र तट पर उठाया वॉटर सर्फिंग का रोमांचक आनंद।

अखिलेश चौबे 
पालघर। दहानू एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना के अंतर्गत शासकीय आश्रमशालाओं के विद्यार्थियों के लिए एक अनूठे और प्रेरणादायक उपक्रम का आयोजन किया गया। परियोजना अधिकारी एवं सहायक जिलाधिकारी विशाल खत्री की अभिनव पहल पर मुंबई सर्फ क्लब एंड स्कूल के सहयोग से वसई समुद्र तट पर विद्यार्थियों को वॉटर सर्फिंग का प्रशिक्षण एवं प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया था, ताकि वे खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें और आगामी राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। अधिकांश विद्यार्थियों के लिए यह पहला अवसर था, जब उन्होंने वॉटर सर्फिंग जैसी रोमांचक जलक्रीड़ा का अनुभव किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में विद्यार्थियों को पहले वॉटर सर्फिंग का प्रात्यक्षिक दिखाया गया। इसके बाद सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उन्हें स्वयं सर्फिंग करने का अवसर दिया गया। शुरुआत में कुछ विद्यार्थी घबराए हुए नजर आए, लेकिन प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन से उन्होंने धीरे-धीरे आत्मविश्वास हासिल किया और इस गतिविधि का भरपूर आनंद लिया।
विद्यार्थियों ने इस अनुभव को बेहद खास और अविस्मरणीय बताते हुए आने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने की इच्छा भी जताई। उनके चेहरों पर झलकता उत्साह, खुशी और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण था कि यह पहल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
परियोजना अधिकारी एवं सहायक जिलाधिकारी विशाल खत्री ने कहा कि आश्रमशालाओं के अधिकांश विद्यार्थी अत्यंत विपरीत परिस्थितियों से आते हैं और उन्हें ऐसे अवसर बहुत कम मिलते हैं। “आज जब इन बच्चों ने पहली बार पानी पर खड़े होकर सर्फिंग की, तब उनके चेहरे पर दिखा आनंद और आत्मविश्वास यह दर्शाता है कि यह केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने की शुरुआत है,” उन्होंने कहा।
विद्यार्थी रोशन हरपाले ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, “यह मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव था। शुरुआत में थोड़ी डर लगा, लेकिन सर्फिंग शुरू करने के बाद बहुत मजा आया और मेरा आत्मविश्वास भी बढ़ा।”
वहीं छात्रा नंदिनी चव्हाण ने कहा, “सर्फिंग का अनुभव मेरे लिए बेहद रोमांचक रहा। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से मेरा डर खत्म हुआ और मुझे बहुत खुशी मिली। ऐसे कार्यक्रम हमें नई चीजें सीखने और साहस बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।”
कार्यक्रम की संचालक प्रीति रावत ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “शुरुआत में कुछ बच्चे डर रहे थे, लेकिन थोड़ी ही देर में वही बच्चे साहस के साथ सर्फिंग करते नजर आए। उनके चेहरे की खुशी और ‘हम भी कर सकते हैं’ की भावना देखना हमारे लिए बेहद भावुक और खास पल था।”
इस प्रकार यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर साहस, आत्मविश्वास और नई संभावनाओं की सोच विकसित करने का एक सशक्त माध्यम भी साबित हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।