पालघर: ‘जय श्रीराम-जय हनुमान’ के जयघोष से गूंजेगा शहर, 251 परिवारों की घर-वापसी और भव्य झांकियां बनेंगी आकर्षण का केंद्र।नमो नमो मोर्चा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह का आवाहन।
पालघर: ‘जय श्रीराम-जय हनुमान’ के जयघोष से गूंजेगा शहर, 251 परिवारों की घर-वापसी और भव्य झांकियां बनेंगी आकर्षण का केंद्र।
नमो नमो मोर्चा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह का आवाहन।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक शहर बोईसर में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भक्ति और उत्साह का अभूतपूर्व माहौल बनने जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार, 02 अप्रैल को एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस आयोजन को लेकर नमो नमो मोर्चा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने क्षेत्र के नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाएं।
शोभायात्रा का शुभारंभ सायं 5:00 बजे बोईसर पश्चिम स्थित नावापुर रोड, पानी टंकी (टीमा ग्राउंड) से संतों के पावन सानिध्य में किया जाएगा। लगभग 5 किलोमीटर लंबी यह यात्रा ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयघोष से पूरे शहर को भक्तिमय बना देगी। शहर के प्रमुख मार्गों को केसरिया ध्वजों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत नजर आएगा।
यात्रा में श्री हनुमान, मां काली, छत्रपति शिवाजी महाराज और भगवान स्वामी अयप्पा की भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके साथ ही ढोल-ताशा पथक, पारंपरिक तारपा नृत्य, इस्कॉन की श्रीजी रथयात्रा तथा दुर्गा वाहिनी का लेझिम पथक कार्यक्रम को और भी जीवंत बनाएंगे।
शोभायात्रा से पूर्व दोपहर 3:00 बजे टीमा ग्राउंड में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ 251 परिवारों की घर-वापसी का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे आयोजक सामाजिक समरसता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मान रहे हैं।
यह शोभायात्रा अवधनगर, मधुर रेस्टोरेंट, यशवंत सृष्टि और बोईसर स्टेशन मार्ग से होते हुए सर्कस ग्राउंड में संपन्न होगी। यहां ‘समरसता यज्ञ’ और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के बाद इस्कॉन द्वारा ‘श्रीराम खिचड़ी’ का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
नमो नमो मोर्चा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, “हनुमान जन्मोत्सव हमारे लिए केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और अपनी संस्कृति को सशक्त करने का अवसर है। बोईसर में आयोजित यह भव्य शोभायात्रा एक ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रही है। मैं सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे अपने परिवार सहित इसमें शामिल होकर आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएं।”
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत करते हैं, इसलिए हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।
Comments
Post a Comment