पालघर: विराज प्रोफाइल के प्रस्तावित विस्तार के खिलाफ बढ़ा विरोध, 24 अप्रैल को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय पर निकलेगा विशाल मोर्चा।

पालघर: विराज प्रोफाइल के प्रस्तावित विस्तार के खिलाफ बढ़ा विरोध, 24 अप्रैल को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय पर निकलेगा विशाल मोर्चा।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर मानगांव क्षेत्र में स्थित विराज प्रोफाइल कंपनी के प्रस्तावित विस्तार और नियमितीकरण को लेकर स्थानीय नागरिकों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन, जनसुनवाई और पुनः आंदोलन की घटनाओं ने इस पूरे विवाद को अब एक नए मोड़ पर ला खड़ा किया है। विरोध समिति ने घोषणा की है कि 24 अप्रैल को महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यालय पर एक विशाल मोर्चा निकाला जाएगा।
इससे पहले 4 अप्रैल को विराज कंपनी के हाथी गेट के सामने स्थानीय नागरिकों ने बड़ा प्रदर्शन करते हुए जोरदार आंदोलन किया था। इसके बाद 8 अप्रैल को जनसुनवाई आयोजित की गई, लेकिन विरोध समिति का दावा है कि इस जनसुनवाई में एक भी नागरिक ने कंपनी के पक्ष में अपनी राय नहीं रखी।
इसी क्रम में 17 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे बोईसर स्थित न्यू रेयांश होटल, चित्रालय में एक पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें समिति के प्रतिनिधियों ने कंपनी के प्रस्ताव का कड़ा विरोध दोहराया। इस दौरान समिति ने कंपनी और प्रशासन पर दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए। साथ ही यह भी कहा गया कि कुछ बिचौलियों के माध्यम से स्थानीय लोगों को प्रलोभन देकर उनसे समर्थन में हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं और पैसे बांटे जा रहे हैं।
समिति ने यह भी आरोप लगाया कि सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी करते हुए जनसुनवाई प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया, जो पूरी तरह से कानून के विरुद्ध है। समिति ने मांग की कि न्यायालय के आदेशों को दरकिनार कर चल रही इस पूरी प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और प्रस्तावित परियोजना को पूरी तरह रद्द किया जाए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस परियोजना के विस्तार से क्षेत्र के पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। बढ़ते प्रदूषण और औद्योगिक गतिविधियों से जीवन पर पड़ने वाले असर को लेकर लोगों में गहरी चिंता व्याप्त है।
विरोध समिति ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत कंपनी के परिवहन मार्गों पर काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराने की भी योजना बनाई गई है।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते मानगांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी हुई है, वहीं प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।