पालघर: डहाणू के सरकारी आश्रम छात्रावास में भीषण अग्निकांड, छात्रों का सामान जलकर राख।

पालघर: डहाणू के सरकारी आश्रम छात्रावास में भीषण अग्निकांड, छात्रों का सामान जलकर राख।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के डहाणू क्षेत्र में स्थित एक सरकारी आश्रम छात्रावास में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ‘कांदरवाड़ी सूर्यानगर’ स्थित इस छात्रावास में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके कारण करीबन 200 आदिवासी छात्रों का निजी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डहाणू एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना के अंतर्गत संचालित इस सरकारी छात्रावास में शुक्रवार को लगभग 4: 00 - 4:30 के बीच अचानक आग भड़क उठी। उस समय छात्र अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। देखते ही देखते भवन से धुआं उठने लगा और आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को भांपते हुए छात्रावास के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत छात्रों को बाहर निकालना शुरू किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि छात्र अपने कमरे से कई सामान निकालने में असफल हो गए, इस घटना में छात्रों के पाठ्यपुस्तकें और कॉपियां, स्कूल यूनिफॉर्म तथा निजी कपड़े, गद्दे, चादर और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। कई छात्र अपनी आंखों के सामने अपने पूरे वर्ष की पढ़ाई से जुड़ा सामान और निजी वस्तुएं जलते देख भावुक हो उठे।
घटना की सूचना मिलते ही डहाणू नगर परिषद के अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। समय पर बचाव कार्य शुरू होने से किसी भी छात्र के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डहाणू एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना के परियोजना अधिकारी विशाल खत्री ने बताया कि आग से जिन छात्रों का सामान नष्ट हुआ है, उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही फिलहाल छात्रों को अस्थायी रूप से दो दिनों के लिए दूसरे छात्रावास में ठहराने की व्यवस्था की जा रही है।
इस अग्निकांड के बाद सरकारी आश्रम स्कूलों और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सभी सरकारी इमारतों का नियमित फायर ऑडिट कराया जाना चाहिए और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।


Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!