पालघर: आत्माराम जनार्दन करंदीकर विधि महाविद्यालय की नई इमारत का भूमिपूजन।करंदीकर परिवार के सहयोग से विधि शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार।
पालघर: आत्माराम जनार्दन करंदीकर विधि महाविद्यालय की नई इमारत का भूमिपूजन।
करंदीकर परिवार के सहयोग से विधि शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में स्थित सोनोपंत दांडेकर शिक्षण मंडली द्वारा संचालित “आत्माराम जनार्दन करंदीकर विधि महाविद्यालय” तथा वासुदेव आत्माराम करंदीकर स्नातकोत्तर अध्ययन केंद्र की विस्तारित नई इमारत का भूमिपूजन रविवार, 8 मार्च 2026 को पारंपरिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले करंदीकर परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में आयोजित किया गया।
भूमिपूजन का शुभ कार्य दानशूर करंदीकर परिवार के सदस्य एड. प्रकाश वासुदेव करंदीकर, अजीत वासुदेव करंदीकर, श्रीमती शुभांगी प्रकाश करंदीकर, शिशिर अजित करंदीकर तथा श्रीमती पूजा करंदीकर द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में करंदीकर परिवार के सदस्य, उनके रिश्तेदार और मित्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनोपंत दांडेकर शिक्षण मंडली के अध्यक्ष सी.ए. सचिन कोरे ने नई विस्तारित विधि इमारत के निर्माण के लिए करंदीकर परिवार द्वारा प्रदान किए गए उदार आर्थिक सहयोग के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधि शिक्षा के क्षेत्र में करंदीकर परिवार का यह योगदान अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली विधि शिक्षा प्राप्त करने में बड़ा लाभ मिलेगा।
सचिन कोरे ने आगे कहा कि नई इमारत का निर्माण पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को अपने ही परिसर में आधुनिक और उन्नत शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पालघर और आसपास के क्षेत्रों में विधि शिक्षा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा अनेक विद्यार्थियों को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर प्राप्त होगा।
करंदीकर परिवार की ओर से अपने विचार व्यक्त करते हुए एड. प्रकाश करंदीकर ने कहा कि सोनोपंत दांडेकर शिक्षण मंडली पिछले कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सामान्य तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को पालघर में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके और विशेष रूप से विधि शिक्षा के क्षेत्र में उन्हें अधिक अवसर मिलें, इसी उद्देश्य से करंदीकर परिवार ने इस नई विस्तारित विधि इमारत के निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग देने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर संस्थान के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के विश्वस्त सोहनभाई बाफना, उपाध्यक्ष धनेशभाई वर्तक, कोषाध्यक्ष मंगेश पंडित, सचिव सुधीर कुलकर्णी और अनिल पाटील, कनिष्ठ महाविद्यालय व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष प्रकाश संखे, सोनोपंत दांडेकर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. किरण सावे तथा विधि महाविद्यालय की प्राचार्या पायल चोलेरा भी उपस्थित थीं।
इसके साथ ही संस्था से जुड़े अतुल दांडेकर, चंद्रकांत तिवारी, सुरेश जोशी, अमिता राऊत, हेमाली राऊत, हितेंद्र शहा, सुधीर दांडेकर, भरत राऊत, योगेश म्हात्रे, दिनेश पाटील, रामप्रकाश निराला तथा माजी विद्यार्थी संगठन के अध्यक्ष अनंत पाटील भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता एड. दीपक सावले और एड. सुधीर गुप्ता सहित कई समाजसेवी और स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक प्रतिबद्धता के वातावरण में यह भूमिपूजन समारोह अत्यंत उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
Comments
Post a Comment