पालघर: महिला सशक्तिकरण का संदेश जिले में महिला दिवस पर क्रिकेट प्रतियोगिता और खिलाड़ियों का सम्मान।
पालघर: महिला सशक्तिकरण का संदेश जिले में महिला दिवस पर क्रिकेट प्रतियोगिता और खिलाड़ियों का सम्मान।
अखिलेश चौबे
पालघर। क्रीड़ा एवं युवक सेवा संचालनालय महाराष्ट्र राज्य पुणे, जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय पालघर तथा जिला क्रीड़ा परिषद पालघर के संयुक्त तत्वावधान में 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं और छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आर्यन एजुकेशन सोसायटी के मैदान में महिलाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इसके साथ ही महिलाओं और छात्राओं को समाज में सशक्त और आत्मनिर्भर महिला के रूप में जीवन जीने के लिए प्रेरित करने हेतु एक विशेष व्याख्यान का भी आयोजन किया गया। इस व्याख्यान में महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पालघर जिले की उन छात्रा खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम रोशन किया है। इन खिलाड़ियों को सम्मानचिह्न प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर पालघर की उपजिलाधिकारी सीमा राउत मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ आर्यन एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष उपेंद्र घरत, मुख्याध्यापिका विभूति मैडम, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुहास व्हनमाने, मयूर कोल्लम, अमृत घाडगे तथा निलेश भोईर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता टीमों तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानचिह्न प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें ओलंपिक वीर खाशाबा जाधव से संबंधित पुस्तिका भी भेंट की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और छात्राओं को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
Comments
Post a Comment