पालघ: ‘वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन’ से राष्ट्रीय एकता, फिटनेस और तटीय सुरक्षा का सशक्त संदेश - जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़।
पालघ: ‘वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन’ से राष्ट्रीय एकता, फिटनेस और तटीय सुरक्षा का सशक्त संदेश - जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़।
अखिलेश चौबे
पालघर। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा आयोजित “वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन” राष्ट्रीय अभियान ने पालघर जिले में उत्साह और देशभक्ति का वातावरण निर्मित किया। राष्ट्रीय एकता, शारीरिक सुदृढ़ता और तटीय सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता का त्रिसूत्रीय संदेश देने वाले इस अभियान की जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने विशेष सराहना की।
सीआईएसएफ के तत्वावधान में आयोजित यह साइक्लोथॉन प्रातः 5 बजे दमन से रवाना हुई और लगभग 9 बजे दहानू पहुंची। दहानू में साइक्लोथॉन दल का स्वागत जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, सहायक जिलाधिकारी विशाल खत्री, दहानू नगराध्यक्ष राजेंद्र माच्छी, सहायक पुलिस अधीक्षक अंकिता कणसे, तहसीलदार सुनील कोळी, समूह विकास अधिकारी पल्लवी सस्ते, पुलिस निरीक्षक किरण पवार, सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने कहा कि यह कार्यक्रम अत्यंत विशिष्ट और प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि सीआईएसएफ ने 25 दिनों में 6,500 किलोमीटर से अधिक की दूरी साइकिल द्वारा तय करने का संकल्प लिया है। ‘वंदे मातरम्’ गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य तटीय सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व की भावना जागृत करना, राष्ट्रभक्ति को सुदृढ़ करना और फिटनेस का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
दमन से प्रारंभ हुई यह साइक्लोथॉन पालघर जिले में रात्रि विश्राम के उपरांत तटीय मार्ग से मुंबई की ओर प्रस्थान करेगी। इस अभियान में विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पालघर जिले के कुछ नागरिक तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी भी इस साइक्लोथॉन में सहभागी बने हैं, जिससे इस अभियान को व्यापक और सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि विद्यालयों में अवकाश अवधि के दौरान विशेष जनजागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को देशसेवा, राष्ट्रीय सुरक्षा और शारीरिक तंदुरुस्ती के महत्व के विषय में विस्तृत जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने सीआईएसएफ के संपूर्ण दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। पालघर जिले में आगमन और इस राष्ट्रीय अभियान में स्थानीय प्रशासन को सहभागी बनाने के लिए उन्होंने प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment