पालघर: जिले में 9 फरवरी को लगेगा जनता दरबार, पालकमंत्री गणेश नाईक करेंगे नागरिकों से सीधा संवाद।
पालघर: जिले में 9 फरवरी को लगेगा जनता दरबार, पालकमंत्री गणेश नाईक करेंगे नागरिकों से सीधा संवाद।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक की अध्यक्षता में सोमवार, 9 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे जनता दरबार का आयोजन किया गया है। यह जनता दरबार नियोजन समिति सभागृह, जिलाधिकारी कार्यालय, पालघर में आयोजित होगा।
इस जनता दरबार में पालक मंत्री गणेश नाईक स्वयं नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और अड़चनें सुनेंगे तथा संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश देंगे। नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिले के सभी प्रमुख शासकीय कार्यालयों के विभाग प्रमुख इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं और प्रश्नों के समाधान हेतु 9 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय, पालघर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित जनता दरबार में नागरिकों की ओर से उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला था और इस बार भी नागरिक इस अवसर का लाभ उठाएं।
जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड ने यह भी कहा कि जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों एवं अर्जियों का विभागवार निवारण किया जाएगा, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
जनता दरबार में भाग लेने वाले नागरिकों के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के भूतल पर संगणक टोकन प्रणाली की व्यवस्था की गई है। टोकन प्राप्त करने के पश्चात विभागवार आवेदन पंजीकरण के लिए अलग-अलग टेबल लगाए गए हैं।
Comments
Post a Comment