नवी मुंबई: श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहिदी समागम हेतु व्यापक तैयारियाँ।

नवी मुंबई: श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहिदी समागम हेतु व्यापक तैयारियाँ।

अखिलेश चौबे 
नवी मुंबई। सिख धर्म के नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहिदी समागम शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी “हिंद-दी-चादर” कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों की आज संभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
कोकण संभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले, अपर आयुक्त फरोग मुकादम, उप आयुक्त विजय म्हसाल, पनवेल नगर निगम आयुक्त मंगेश चितळे, पुलिस उपायुक्त प्रशांत मोहिते, रश्मी करंदीकर, योजना उप आयुक्त प्रमोद केंभावी तथा इस कार्यक्रम के राज्य समन्वयक उप जिलाधिकारी (रोजगार गारंटी योजना) रविंद्र राठोड सहित कोकण संभाग के राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर निगम और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण और सिडको के अधिकारी दूरदृश्य प्रणाली के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की समग्र रूपरेखा, जनजागरूकता अभियान, प्रभात फेरियां, विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता, मुख्य समारोह की व्यवस्था के साथ-साथ कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता तथा स्वास्थ्य सेवाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
“हिंद-दी-चादर” कार्यक्रम श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहिदी समागम शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में खारघर, नवी मुंबई में 28 फरवरी और 1 मार्च को भव्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से शासकीय अधिकारियों, गुरुद्वारा प्रबंधन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता से कुल 25 समितियों का गठन किया गया है।
संभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के त्याग, साहस और बलिदान का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे पहले नागपुर और नांदेड़ में यह समागम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है और खारघर में होने वाले इस आयोजन के लिए भी अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सूक्ष्म योजना बनाई गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न किया जाए। साथ ही सभी विभागों को प्रचार-प्रसार की प्रभावी योजना बनाने और परस्पर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
यह कार्यक्रम राज्य सरकार के अल्पसंख्यक विभाग के मार्गदर्शन में “हिंद-दी-चादर” श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी 350वां शहिदी समागम कार्यक्रम समिति तथा सिख, सिकलीकर, बंजारा, लबाना, मोहियाल, सिंधी, वाल्मीकि, उदासीन संप्रदाय, भगत नामदेव और वारकरी समाज के संयुक्त तत्वावधान में खारघर स्थित कॉर्पोरेट पार्क मैदान में आयोजित किया जाएगा।
रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले ने बैठक के दौरान “हिंद-दी-चादर” कार्यक्रम के संदर्भ में की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस कार्यक्रम में नवी मुंबई के साथ-साथ मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों सहित राज्य के विभिन्न भागों तथा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है। इस पृष्ठभूमि में सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा सेवाएं, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, आवास, प्रचार-प्रसार, जलापूर्ति और विद्युत व्यवस्था के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है और प्रशासन द्वारा सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
संभागीय आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने विश्वास व्यक्त किया कि “हिंद-दी-चादर” कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, सद्भावना और ऐतिहासिक मूल्यों की गहरी समझ समाज में विकसित होगी।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!