पालघर: जिले अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 26.28 लाख का माल जब्त।

पालघर: जिले अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 26.28 लाख का माल जब्त।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तलासरी पुलिस थाना द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सहित कुल 26,28,320 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पालघर यतिश देशमुख द्वारा जिले में मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए हैं। इसी क्रम में दिनांक 05 फरवरी 2026 को तलासरी पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि मुंबई–अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से मुंबई की ओर एक टाटा टेम्पो क्रमांक MH-04-JK-9302 में अवैध शराब भरकर ले जाई जा रही है और संबंधित वाहन हिमाचल–पंजाब ढाबा, तलासरी के पास सड़क किनारे खड़ा है।
प्राप्त सूचना के आधार पर तलासरी पुलिस थाना की टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान उक्त टाटा टेम्पो MH-04-JK-9302 मौके पर पाया गया। वाहन चालक से नाम और पते के संबंध में पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शिवेंद्रकुमार लालबाबू ठाकुर, आयु 41 वर्ष, व्यवसाय चालक, निवास स्थान मकान नंबर ए/1, तानाबाई दहिबाते चॉल, अंधेरी–घाटकोपर लिंक रोड, लोकमान्य तिलक नगर, साकीनाका, मुंबई बताया। उसका मूल निवास ग्राम उचीडीप, पुलिस थाना पिंपरा, तहसील पिंपरा, जिला पूर्वी चंपारण, राज्य बिहार बताया गया।
जब चालक से वाहन में लदे सामान के संबंध में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि टेम्पो में सिप्ला हेल्थ कंपनी की दवाइयाँ हैं और इसके लिए उसने बिल भी प्रस्तुत किया। संदेह के आधार पर पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली, जिसमें महाराष्ट्र राज्य में प्रतिबंधित अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। जब्त की गई शराब की कीमत 9,28,320 रुपये आंकी गई। इसके अतिरिक्त वाहन को मिलाकर कुल 26,28,320 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया।
इस मामले में आरोपी चालक के विरुद्ध तलासरी पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत महाराष्ट्र मद्य निषेध अधिनियम की धारा 65 (अ) एवं 65 (ई) के अंतर्गत दिनांक 06 फरवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक जयराम उमतोल द्वारा की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पालघर यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक पालघर विनायक नरळे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी बोईसर विभाग एवं अतिरिक्त प्रभार डहाणू विभाग विकास नाईक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम में पुलिस निरीक्षक अजय गोरड, पुलिस उपनिरीक्षक जयराम उमतोल, पुलिस हवलदार 553 रामचंद्र गवळी, पुलिस नायक 558 महेश बोरसा वांगड, पुलिस सिपाही शेवाळे और पुलिस सिपाही मुढे, सभी तलासरी पुलिस थाना शामिल थे।

Comments