पालघर: वरिष्ठ पत्रकार रामप्रकाश ‘निराला’ की माताश्री त्रिवेणी देवी का निधन, शोक की लहर।

पालघर: वरिष्ठ पत्रकार रामप्रकाश ‘निराला’ की माताश्री त्रिवेणी देवी का निधन, शोक की लहर।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं हिंदी पाक्षिक समाचार-पत्र ‘बोईसर समाचार’ के प्रधान संपादक तथा ‘बोईसर-पालघर पत्रकार संघ’ के अध्यक्ष रामप्रकाश ‘निराला’ की माताश्री श्रीमती त्रिवेणी देवी का बुधवार, 01 अप्रैल 2026 को सायंकाल लगभग 8:30 बजे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास पर दुखद निधन हो गया। वे लगभग 98 वर्ष की थीं। उनके निधन से परिवार सहित सामाजिक और पत्रकारिता जगत में शोक की गहरी लहर व्याप्त हो गई है।
स्वर्गीय त्रिवेणी देवी, स्वर्गीय मंगलसेन निराला की धर्मपत्नी थीं। वे अपने सरल, मृदुभाषी और परोपकारी स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। धार्मिक प्रवृत्ति की धनी त्रिवेणी देवी ने अपने जीवनकाल में परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उनके व्यक्तित्व में सादगी, संस्कार और सेवा भावना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता था, जो उन्हें समाज में विशिष्ट पहचान दिलाता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार, 02 अप्रैल 2026 को अलीगढ़ के दोधपुर स्थित मोक्षधाम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न किया गया। इस दौरान परिजनों, रिश्तेदारों, इष्ट-मित्रों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुए इस संस्कार के साथ ही उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया।
स्वर्गीय त्रिवेणी देवी अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं, जिसमें पुत्र, पुत्रियां, नाती-पोते एवं अन्य परिजन शामिल हैं। उनके निधन का समाचार मिलते ही पालघर जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं ने शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को प्रातः 8:30 बजे हवन-पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात तेरहवीं का महाप्रसादी कार्यक्रम दोपहर 4 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें परिजन, मित्रगण एवं शुभचिंतक शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
शोक व्यक्त करते हुए सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वरिष्ठ पत्रकारों एवं समाजसेवियों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि त्रिवेणी देवी के आदर्श, संस्कार और स्नेह सदैव परिवार एवं समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।