पालघर: मासूम पर हैवानियत का हमला: वसई में गुस्से की लहर, अस्पताल पहुंचीं विधायक स्नेहा दुबे पंडित।

पालघर: मासूम पर हैवानियत का हमला: वसई में गुस्से की लहर, अस्पताल पहुंचीं विधायक स्नेहा दुबे पंडित।

अखिलेश चौबे
पालघर। परिसर में 30 मार्च को घटी चार वर्षीय मासूम बच्चे पर अमानवीय हमले की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। चि. विघ्नेश अतुल कोंढारे नामक इस मासूम पर एक विकृत मानसिकता वाले आरोपी, संदीप पवार द्वारा किए गए निर्मम हमले ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस क्रूर हमले में गंभीर रूप से घायल विघ्नेश वर्तमान में मीरा रोड स्थित वोक्हार्ट हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है, जहां वह जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है। चिकित्सकों की टीम द्वारा उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर अंकित गुप्ता की देखरेख में उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। पूरे महाराष्ट्र से लोग उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
पीड़ित बच्चे के पिता अतुल कोंढारे ने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इतने निर्दयी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
इस घटना की जानकारी मिलते ही वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित, जो उस समय दिल्ली में एक प्रशासनिक कार्यशाला में उपस्थित थीं, उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन से संपर्क साधकर मामले की विस्तृत जानकारी ली और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने देर रात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सीधे संपर्क कर पूरी घटना से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने 2 अप्रैल को मीरा रोड स्थित वोक्हार्ट हॉस्पिटल पहुंचकर घायल बच्चे और उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया तथा इलाज के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही, उन्होंने चिकित्सा टीम को बच्चे की विशेष देखभाल करने के निर्देश भी दिए।
विधायक ने इस दौरान उम्मीद जताई कि विघ्नेश शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर सुरक्षित अपने घर लौटेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले पर स्वयं मुख्यमंत्री स्तर से निगरानी रखी जा रही है और दोषी को कठोर सजा दिलाई जाएगी।
यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। ऐसे अमानवीय कृत्यों के विरुद्ध समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और पीड़ित को समय पर न्याय मिल सके।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।