नवी मुंबई: ‘हिंद दी चादर’ शहीदी समागम के लिए प्रशासन पूर्णतः तैयार यातायात, पार्किंग और रेल व्यवस्था का सूक्ष्म नियोजन।

नवी मुंबई: ‘हिंद दी चादर’ शहीदी समागम के लिए प्रशासन पूर्णतः तैयार यातायात, पार्किंग और रेल व्यवस्था का सूक्ष्म नियोजन।

अखिलेश चौबे
नवी मुंबई। ‘हिंद दी चादर श्री गुरु तेग बहादुर’ के 350वें शहीदी समागम शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 28 फरवरी एवं 1 मार्च 2026 को खारघर, सेक्टर 29 स्थित ओवे मैदान में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन ने यातायात, पार्किंग तथा नागरिक सुविधाओं के व्यापक और सूक्ष्म नियोजन के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले अति विशिष्ट व्यक्तियों तथा सामान्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कोकण विभागीय आयुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता विभागीय राजस्व आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने की। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त तिरुपति काकड़े, अपर आयुक्त (सामान्य प्रशासन) फरोग मुकादम, सहायक आयुक्त (मनोरंजन) रविंद्र पवार, उपजिलाधिकारी रविंद्र राठौड़, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंशुमन श्रीवास्तव एवं रविंद्र इंगोले, प्रभारी सूचना उपनिदेशक मनोज सानप, जेएनपीए के यातायात अधिकारी यशवंत पाटील एवं नागेश आकोडे तथा तहसीलदार (सामान्य प्रशासन) गजानन धुमाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नागपुर और नांदेड में यह समागम अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के पश्चात अब खारघर में आयोजित कार्यक्रम में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात जाम की स्थिति से बचने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने के साथ-साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीक का उपयोग कर यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश आयुक्त डॉ. सूर्यवंशी ने दिए।
नासिक, पुणे और मुंबई से जेएनपीए की ओर जाने वाली तथा वहां से अन्य स्थानों की ओर प्रस्थान करने वाली कंटेनर यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम स्थल तक आने वाली बसों के लिए पृथक मार्ग निर्धारित करने, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के संबंध में भी विस्तृत निर्देश जारी किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रेलमार्ग से आने की संभावना को देखते हुए 28 फरवरी और 1 मार्च को पश्चिम, मध्य एवं हार्बर रेल मार्ग पर किसी प्रकार का मेगा अवरोध न रखा जाए, इसके लिए रेल प्रशासन से औपचारिक पत्राचार करने के निर्देश भी आयुक्त द्वारा दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि यह आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित रूप में संपन्न हो सके।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!