पालघर–नासिक को जोड़ेगा 154 किमी लंबा विशेष राष्ट्रीय राजमार्ग 160-ए, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति।
पालघर–नासिक को जोड़ेगा 154 किमी लंबा विशेष राष्ट्रीय राजमार्ग 160-ए, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति।
अखिलेश चौबे
पालघर। विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर पालघर जिला शीघ्र ही 154 किलोमीटर लंबे विशेष राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-160-ए के माध्यम से नासिक से सीधे जुड़ने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण से जहां नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे, वहीं आदिवासी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र और संतुलित विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। इस प्रसन्नतापूर्ण जानकारी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पालघर के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सावरा ने सार्वजनिक किया।
सांसद डॉ. सावरा ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह राजमार्ग क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
उन्होंने बताया कि इस महामार्ग के निर्माण के बाद पालघर से मनोर मार्ग होते हुए विक्रमगढ़, जव्हार, मोखाडा, पवित्र तीर्थस्थल त्र्यंबकेश्वर तथा घोटी होते हुए नासिक तक की यात्रा न केवल सुगम होगी, बल्कि यात्रा समय में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
केंद्र सरकार ने इस महामार्ग परियोजना के लिए 3,320 करोड़ रुपये की धनराशि को स्वीकृति प्रदान की है। यह मार्ग विशेष रूप से दुर्गम आदिवासी अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। माना जा रहा है कि राजमार्ग बनने के बाद पालघर और नासिक के बीच आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी तथा उद्योग, कृषि विपणन और पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
Comments
Post a Comment