पालघर: सांस्कृतिक रंगों से सजा एस.डी.एस.एम. कॉलेज का वार्षिक स्नेह सम्मेलन संपन्न।
पालघर: सांस्कृतिक रंगों से सजा एस.डी.एस.एम. कॉलेज का वार्षिक स्नेह सम्मेलन संपन्न।
अखिलेश चौबे
पालघर। सोनोपंत दांडेकर शिक्षण मंडली द्वारा संचालित पालघर जिले के प्रतिष्ठित एस.डी.एस.एम. महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन ‘क्षितिज’ का आयोजन मंगलवार, 22 दिसंबर को सुबह 9.30 बजे उत्साह और उमंग से भरे वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, नाटक, एकांकी सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन सोनोपंत दांडेकर शिक्षण मंडली के अध्यक्ष सी.ए. सचिन कोरे, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. किरण सावे तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष सी.ए. सचिन कोरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन बनाए रखने और महाविद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक तोड़फोड़ का आर्थिक भार अंततः विद्यार्थियों को ही वहन करना पड़ता है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्नेह सम्मेलन जैसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. किरण सावे ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन वह अवसर होता है, जिसकी प्रतीक्षा विद्यार्थी पूरे वर्ष करते हैं। यह आयोजन उनके शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ उनकी कला और रचनात्मकता को प्रस्तुत करने का एक यादगार अनुभव बन जाता है।
कार्यक्रम की प्रस्तावना कनिष्ठ महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रा. दिलीप तेलमोरे ने रखी। उन्होंने कहा कि स्नेह सम्मेलन विद्यार्थियों के छिपे हुए कलागुणों को उजागर करने का सशक्त मंच है, जो उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होता है।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक प्रा. सुरेश हजबे, डॉ. धीरज राऊत, वरिष्ठ महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. तानाजी पोल और डॉ. महेश देशमुख, पर्यवेक्षक डॉ. हर्षद वनमाली और डॉ. शैलजा पालन उपस्थित थे। वरिष्ठ महाविद्यालय के क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक मंडल के अध्यक्ष प्रा. राजू तांडेल तथा कनिष्ठ महाविद्यालय के क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक मंडल के उपाध्यक्ष प्रा. वसावे, प्राध्यापिका दीप्ती भोयर और प्राध्यापिका अनिता लोहार भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।
विज्ञापन....
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को दर्शकों से भरपूर सराहना मिली और सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। इस अवसर पर चित्रकला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रा. सुप्रिया राऊत ने प्रभावशाली ढंग से किया। क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक मंडल के कार्याध्यक्ष पंढरीनाथ घोडे ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापक वर्ग और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
Comments
Post a Comment