पालघर: सफाले में राज्यस्तरीय विद्यालयी बेसबॉल प्रतियोगिता का आयोजन।"राज्यभर के 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ी लेंगे भाग"
पालघर: सफाले में राज्यस्तरीय विद्यालयी बेसबॉल प्रतियोगिता का आयोजन।
"राज्यभर के 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ी लेंगे भाग"
अखिलेश चौबे
पालघर। राज्य की विद्यालयी खेल गतिविधियों को नई दिशा और ऊंचाई देने वाली “राज्यस्तरीय विद्यालयी बेसबॉल प्रतियोगिता 2025–26” का भव्य आयोजन पालघर जिले में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ा एवं युवा सेवा संचालनालय, महाराष्ट्र राज्य, पुणे के अंतर्गत जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय, पालघर तथा जिला क्रीड़ा परिषद, पालघर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 26 से 28 दिसंबर 2025 के दौरान डॉ. पांडुरंग वामन अमृते शिक्षण संस्था, सफाले में संपन्न होगी।
इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में मुंबई, नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर, अमरावती, लातूर, कोल्हापुर और पुणे संभागों से 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक एवं बालिका विद्यालयी खिलाड़ी भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता राज्य के उभरते और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर एक नियोजन बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला क्रीड़ा अधिकारी सुहास व्हनमाने, महाराष्ट्र बेसबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष इंद्रजीत नितनवार, तकनीकी समिति अध्यक्ष अशोक सरोदे, चयन समिति सदस्य विनीत सकपाळ, ऋषिकेश राऊल, सायमा बागवान, राज्य समन्वयक प्रीतिश पाटील, प्राचार्या मधुमती कुलकर्णी, मुख्याध्यापिका सुचिता पाटील, क्रीड़ा शिक्षक रमाकांत घरत तथा क्रीड़ा शिक्षिका प्रियंका पाटील सहित नियोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
विज्ञापन....
इस अवसर पर डॉ. अमृते शिक्षण संस्था के अध्यक्ष पुरुषोत्तम करांडे, उपाध्यक्ष विलास पाटील, पूर्व उपमुख्याध्यापक राजन घरत, शारीरिक शिक्षक महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद पाटील तथा जिला समन्वयक आशिष पाटील भी उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस प्रतियोगिता को केवल खेल तक सीमित न मानते हुए अनुशासन, टीम भावना और खेल संस्कृति के निर्माण का माध्यम बताया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी सुहास व्हनमाने ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देगी और विद्यालयी खेल आंदोलन को नई दिशा प्रदान करेगी।
Comments
Post a Comment