मुंबई: "आपली एसटी" ऐप से अब एसटी बसों का ठिकाना होगा मालूम।
मुंबई: "आपली एसटी" ऐप से अब एसटी बसों का ठिकाना होगा मालूम।
अखिलेश चौबे
मुंबई। राज्य परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नए मोबाइल ऐप “आपली एसटी” (Aapli ST) को लॉन्च करने की घोषणा की है। इस ऐप का लोकार्पण दशहरे के शुभ अवसर पर किया जाएगा। इस ऐप के माध्यम से अब यात्रियों को बसों की वास्तविक समय (रियल-टाइम) जानकारी प्राप्त होगी।
जानकारी के अनुसार, राज्य परिवहन निगम की 12 हजार से अधिक बसें और एक लाख से अधिक मार्गों का डिजिटलीकरण करके यह ऐप तैयार किया गया है। आने वाले समय में लाखों यात्री इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। परिवहन मंत्री तथा राज्य परिवहन महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने कहा कि प्रारंभिक चरण में यदि किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटियां सामने आती हैं तो यात्रियों को चाहिए कि वे इसकी सूचना दें, ताकि ऐप को और अधिक सटीक एवं उपयोगी बनाया जा सके।
राज्य परिवहन महामंडल द्वारा पूर्व में जारी MSRTC Commuter App को अब नया नाम “आपली एसटी” (Aapli ST) दिया गया है। परिवहन मंत्री ने कहा कि यह नाम मराठी यात्रियों की भावनाओं को ध्यान में रखकर रखा गया है। इस ऐप से साधारण यात्री का सफर अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी होगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए “आपली एसटी” ऐप को ‘रोजमाल्टा ऑटोटेक लिमिटेड’ की मदद से विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से यात्री अपने नजदीकी बस अड्डे और बस स्टॉप की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी दो स्थानों के बीच चलने वाली बसों का समय भी इसमें देखा जा सकेगा। इतना ही नहीं, यदि यात्री ने अग्रिम आरक्षण किया है तो वह अपने टिकट पर दर्ज बस क्रमांक या सेवा क्रमांक डालकर उस बस की सीधी ट्रैकिंग कर पाएगा। साथ ही, यह ऐप वास्तविक समय में यह भी बताएगा कि बस स्टेशन से कब रवाना होगी (STD) और संबंधित स्टॉप पर कब पहुंचेगी (ETA), जिससे यात्रियों को बस की सही स्थिति का पता चलता रहेगा।
इसके अलावा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐप में आपातकालीन नंबरों की सूची भी दी गई है, जिससे केवल एक क्लिक पर कॉल किया जा सकेगा।
वर्तमान में इस ऐप पर राज्य की 12 हजार से अधिक बसों का लाइव डेटा उपलब्ध है। आने वाले समय में सभी बसों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। यात्रियों की प्रतिक्रिया और सुझावों के आधार पर इसमें निरंतर सुधार किए जाएंगे।
साथ ही, परिवहन निगम के वर्तमान टिकट बुकिंग ऐप में भी शीघ्र ही बसों की लाइव जानकारी जोड़ी जाएगी। इससे अग्रिम टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य परिवहन का उद्देश्य यात्रियों को विश्वसनीय, पारदर्शी और सुरक्षित सेवा उपलब्ध कराना है और “आपली एसटी” ऐप इस दिशा में एक बड़ा कदम है।
डाउनलोड सुविधा
वर्तमान में यह ऐप MSRTC Commuter App नाम से गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। बहुत जल्द यात्रियों को यह ऐप “आपली एसटी” (Aapli ST) नाम से दिखाई देगा।
Comments
Post a Comment