पालघर: जिले में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: 3,500 कार्यकर्ताओं का प्रवेश, स्थानीय चुनाव स्वबल पर लड़ने का ऐलान।
पालघर: जिले में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: 3,500 कार्यकर्ताओं का प्रवेश, स्थानीय चुनाव स्वबल पर लड़ने का ऐलान।
अखिलेश चौबे
पालघर। कभी शिवसेना का गढ़ माने जाने वाला पालघर जिला अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मजबूत किला बन चुका है। भाजपा में लगातार विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं का प्रवेश जारी है। आज ही लगभग तीन हजार से साढ़े तीन हजार कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष भरत राजपूत ने दावा किया कि अब किसी भी दल में भाजपा का मुकाबला करने की ताकत शेष नहीं रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में जिला परिषद अध्यक्ष का पद, चार पंचायत समितियों के सभापति पद और चार नगरपालिकाओं के अध्यक्ष पद भाजपा को निश्चित रूप से प्राप्त होंगे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट), शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट), शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे गुट) और अन्य राजनीतिक दलों से लगभग तीन हजार से साढ़े तीन हजार कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा में प्रवेश किया। इनमें शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे) गुट के कैलास म्हात्रे सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे। इस अवसर पर राजपूत ने विस्तार से बताया कि कौन से दल से कितने कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। कार्यकर्ताओं की इतनी भीड़ थी कि सभागार में बैठने तक की जगह नहीं बची थी।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने मोबाइल के माध्यम से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा में प्रवेश करने वाले किसी भी कार्यकर्ता के साथ अन्याय नहीं होगा, बल्कि उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा।
इस अवसर पर भरत राजपूत ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में भाजपा ने पालघर जिले में मजबूत पकड़ बनाई है। लोकसभा चुनाव के दौरान जब अधिकांश लोगों को यह विश्वास नहीं था कि भाजपा उम्मीदवार विजयी होंगे, तब भी उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी नेतृत्व को यह भरोसा दिलाया था कि भाजपा उम्मीदवार डॉ. हेमंत सवरा दो लाख से अधिक मतों से जीतेंगे। परिणामस्वरूप डॉ. सवरा ने पावने दो लाख मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। राजपूत ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव के समय जिले में भाजपा का एक भी विधायक नहीं था, लेकिन उनके संकल्प के अनुरूप तीन भाजपा विधायक और दो सहयोगी दलों के विधायक विजयी हुए।
राजपूत ने कहा कि अबकी बार चुनाव कार्यकर्ताओं का है। भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है और पहली बार पालघर जिला परिषद पर भाजपा का झंडा फहराने का अवसर मिलने जा रहा है। जिला परिषद की 57 सीटों में से 35 सीटें जीतकर भाजपा जिला परिषद अध्यक्ष का पद अपने नाम करेगी। साथ ही पालघर, डहाणू, वाडा और जव्हार नगरपालिकाओं में भी भाजपा का शासन आएगा। उन्होंने दावा किया कि डहाणू में विपक्ष का एक भी उम्मीदवार नहीं जीत पाएगा और सभी 27 में से 27 सीटें भाजपा को मिलेंगी। इसके अलावा वाडा, जव्हार, डहाणू और पालघर पंचायत समितियों की सत्ता भी भाजपा को मिलेगी।
राजपूत ने कहा कि जिले की सभी संस्थाओं—जिला परिषद, पंचायत समितियां और नगरपालिकाओं—की कुल 262 सीटें हैं। इनमें से डेढ़ सौ सीटें भाजपा कार्यकर्ताओं के खाते में आएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार किसी भी स्थिति में चुनाव पूर्व गठबंधन (युति) नहीं होगा। भाजपा सभी चुनाव स्वबल पर लड़ेगी और आवश्यकता होने पर चुनाव परिणामों के बाद सहयोगी दलों से गठबंधन पर विचार किया जा सकता है।
राजपूत ने इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं से राय मांगी कि चुनाव स्वबल पर लड़ा जाए या गठबंधन करके। सभी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट रूप से स्वबल पर चुनाव लड़ने की मांग की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजपूत ने कहा कि वे यह प्रस्ताव प्रदेश स्तर की बैठक में रखेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव स्वबल पर ही लड़े जाएं।
इस मौके पर सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जैसे बड़े नेता भी स्वयं को पहले कार्यकर्ता मानते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का दल है, यह किसी एक व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। अब समय आ गया है कि इन्हीं कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भरत राजपूत के नेतृत्व पर विश्वास रखकर पार्टी में आ रहे हैं, तो भाजपा का भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल है।
जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश निकम ने कहा कि यदि केवल एक दिन की सूचना पर अढ़ाई हजार से अधिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं, तो यह समझ लेना चाहिए कि भाजपा ने आज ही जिला परिषद की लड़ाई जीत ली है और जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी भाजपा के खाते में जा चुकी है।
इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भरत राजपूत, वरिष्ठ नेता बाबजी काठोळे, सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक हरिश्चंद्र भोये, पूर्व नगरसेवक जगदीश राजपूत, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश निकम, पूर्व उपाध्यक्ष पंकज कोरे, सुशील औसरकर, संदीप पावडे, वीणा देशमुख, लक्ष्मीदेवी हजारी, प्रशांत संखे, अशोक वडे, सचिन पाटील, नंदन वर्तक, तुषार संखे, भावानंद संखे, देवानंद शिंगडे, विशाल नांदलस्कर, मिलिंद वडे, गौरव धोडी, पिनल शाहा, संतोष चोथे, हर्षद पाटील, महेंद्र भोणे, अरुण माने, प्रणय म्हात्रे, अंकुर राऊत, सत्यप्रकाश सिंह, लतेश राऊत, वसंत गोरवाला और सुरेश शिंदा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंत में जिलाध्यक्ष भरत राजपूत ने कहा कि भाजपा में शामिल सभी नए कार्यकर्ताओं का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें दो बार जिलाध्यक्ष बनाकर अवसर दिया, उसी प्रकार अब नए कार्यकर्ताओं को भी अवसर मिलेंगे। पुराने और नए कार्यकर्ताओं के समन्वय से भाजपा पालघर जिले की सभी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में सत्ता स्थापित करेगी।
राजपूत ने घोषणा की – “आने वाले दो महीनों में ‘ना सोने दूंगा, सोने दूंगा’ के नारे के साथ पूरे जिले को खंगालना है और कार्यकर्ताओं की ताकत पर भाजपा का झंडा हर संस्था पर फहराना है।
Comments
Post a Comment