पालघर: बोईसर भाजपा मंडल की तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल..!
पालघर: बोईसर भाजपा मंडल की तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल..!
अखिलेश चौबे
पालघर..! जिले के बोईसर शहर में भारतीय जनता पार्टी मंडल, बोईसर द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रैली शाम 5:00 बजे जिल्हा परिषद शाळा, नवापुर नाका से आरंभ हुई और बैंक ऑफ़ बरोदा बोईसर संपन्न हुई।
रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंडल पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति उल्लेखनीय रही। आम नागरिकों ने भी इस रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रप्रेम की मिसाल पेश की।
तिरंगा हाथ में लिए जब कार्यकर्ता 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारे लगाते हुए सड़कों पर निकले, तो देशभक्ति का ऐसा अद्भुत दृश्य बना जिसे शब्दों में पिरोना कठिन है। रैली के दौरान "सुनो गौर से दुनिया वालों", "ऐ वतन", और "सारे जहाँ से अच्छा" जैसे देशभक्ति से भरे गीतों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रप्रेम में सराबोर कर दिया।
इस रैली की एक खास बात यह रही कि कुछ नागरिकों ने बैनर भी थामे हुए थे जिन पर लिखा था—"भारतीय सेवा, हम आपके साथ हैं" और "मोदी जी, हम आपके साथ हैं"। यह दृश्य दर्शाता है कि वैश्विक मंच पर भारत की छवि और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राष्ट्रीय समर्थन की भावना कितनी प्रबल होती जा रही है।
हाल के दिनों में भाजपा द्वारा देशभर में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, एकता, संविधान के प्रति निष्ठा और सुरक्षा बलों के सम्मान को और अधिक सशक्त बनाना है। ये रैलियां भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय गरिमा की रक्षा के संकल्प की सार्वजनिक अभिव्यक्ति हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नागपुर और मुंबई में विशाल तिरंगा रैलियों का नेतृत्व किया। नागपुर की रैली में उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने आतंकवादियों की कमर तोड़ दी है। अब पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश मिल चुका है कि भारत अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।" वहीं मुंबई की रैली में उन्होंने कहा, "तिरंगा केवल झंडा नहीं, हमारी अस्मिता, बलिदान और एकता का प्रतीक है। 'मेक इन इंडिया' जैसी योजनाओं ने हमारी सेना को आत्मनिर्भर बनाया है।"
बोईसर की रैली में स्थानीय प्रशासन का सहयोग भी उल्लेखनीय रहा, जिसने ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बखूबी संभाला। रैली के समापन पर आयोजकों ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति श्रद्धा, संकल्प और जिम्मेदारी की जन-प्रतिबद्धता का उद्घोष थी।
Comments
Post a Comment