'डिजिटल जंजाल में फँसता बचपन' विषय पर 'सामाजिक समागम 2025' में लिया गया 'बचपन बचाओ' का संकल्प..!
'डिजिटल जंजाल में फँसता बचपन' विषय पर 'सामाजिक समागम 2025' में लिया गया 'बचपन बचाओ' का संकल्प..!
अखिलेश चौबे
गुरुग्राम (हरियाणा)..! 'नमो नमो मोर्चा भारत, हरियाणा' के तत्वावधान में 'सामाजिक समागम 2025 – एक संवाद' का भव्य आयोजन वैश्य धर्मशाला, सेक्टर-4, गुरुग्राम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का केंद्रीय विषय था — "डिजिटल जंजाल में फँसता बचपन – Save Childhood", जिसमें देशभर से प्रमुख सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, अभिभावकों एवं बच्चों ने सक्रिय भागीदारी की।
इसी अवसर पर 'नमो नमो मोर्चा' की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आठवीं बैठक का आयोजन भी हुआ, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश सिंह ने की। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की टीम ने सहभागिता कर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत, पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए मासूम एवं निहत्थे हिन्दू पर्यटकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मधुर स्वर लहरियों के बीच सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई और जिलाध्यक्ष श्री अनुराग कुलश्रेष्ठ ने स्वागत उद्बोधन देकर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि, हरियाणा सरकार की पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती सीमा त्रिखा ने अपने संबोधन में कहा, "आज तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग समय की मांग है। 'सेव द चाइल्डहुड' के साथ ही 'सेव द नेशन' की भावना को आत्मसात करना आवश्यक है। यदि तकनीक का दुरुपयोग हुआ तो यह सामाजिक विनाश का कारण बन सकता है।"
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री सोपान उंडे पाटील ने 'नमो नमो मोर्चा' द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं और महिलाओं को सामाजिक योगदान के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश सिंह ने बच्चों के हाथों में मोबाइल थमाने की बढ़ती प्रवृत्ति को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर ने अपनी मनोरंजक शैली में बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाते हुए प्रकृति के साथ जुड़ने का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. अशोक दिवाकर ने अपने वक्तव्य में डिजिटल जंजाल के खतरनाक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा, "मोबाइल गेम्स इंडस्ट्री बच्चों को हिंसा, प्रतिस्पर्धा और साइबर अपराध की ओर धकेल रही है।" उन्होंने अभिभावकों से संवाद, संस्कार और समय देने की अपील करते हुए डिजिटल साक्षरता बढ़ाने पर बल दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ: कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिनमें लोकेश चौधरी द्वारा प्रस्तुत कविता 'लौटा दो बचपन', एडवोकेट सीमा कश्यप द्वारा पावर पॉइंट प्रजेंटेशन, 'एक संवाद' और बच्चों द्वारा मंचित नृत्य नाटिका 'Save the Childhood' ने सभी उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले बच्चों को सम्मानित कर उपहार भेंट किए गए।
विशिष्ट उपस्थिति: कार्यक्रम में राष्ट्रीय टीम से सत्य प्रकाश सिंह (राष्ट्रीय अध्यक्ष), सोपान उंडे पाटील (राष्ट्रीय संगठन महामंत्री), मीना मूर्ति (राष्ट्रीय महिला कार्यकारी अध्यक्ष), उदयकुमार रेंगास्वामी (राष्ट्रीय मंत्री), संगीता खन्ना (दिल्ली प्रदेश ट्रस्ट अध्यक्ष), राजश्री कक्कड़ (राष्ट्रीय महिला महामंत्री, हरियाणा), रेणु गुप्ता (हरियाणा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष), रचना रोहिल्ला (प्रदेश संगठन मंत्री), प्रदीप कुब्बा (प्रदेश मंत्री), राखी शर्मा (प्रदेश मीडिया प्रभारी), रीना यादव (प्रदेश महिला सचिव), अनुराग कुलश्रेष्ठ (जिला अध्यक्ष) एवं नलिनी अग्रवाल (महिला जिलाध्यक्ष) सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक गौरव संस्थान से मनोज गुप्ता (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) एवं सुभाष चंद्र सिंगला (हरियाणा प्रदेश प्रधान), समग्र हिंदू सेवा संघ से महावीर भारद्वाज (राष्ट्रीय संयोजक), ब्रह्म प्रकाश (प्रदेश अध्यक्ष), कृष्णा भारद्वाज (प्रदेश कोषाध्यक्ष), विश्व हिंदू परिषद से सुरेंद्र तंवर (जिला अध्यक्ष) एवं यशवंत शेखावत (जिला मंत्री) सहित अन्य प्रतिष्ठित अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सम्मान एवं नियुक्तियाँ: कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रेणु गुप्ता को 'हरियाणा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष' पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही श्री प्रदीप कुमार, श्रीमती राखी शर्मा एवं पानीपत जिला इकाई के अन्य पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं रुद्राक्ष माला भेंट कर सम्मानित किया गया।
संकल्प एवं भविष्य की दिशा: कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने 'बचपन बचाओ, राष्ट्र बचाओ' का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही दिन में कुछ घंटों के लिए "मोबाइल डिटॉक्स" अर्थात मोबाइल फोन से दूरी बनाकर समय का सदुपयोग करने का प्रण लिया गया। आयोजकों ने यह विश्वास दिलाया कि 'नमो नमो मोर्चा' भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर जनजागृति अभियान चलाता रहेगा।
Comments
Post a Comment