पालघर: रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से पालघर की आंगनवाड़ियों और विद्यालयों को विकास की नई दिशा।
पालघर: रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से पालघर की आंगनवाड़ियों और विद्यालयों को विकास की नई दिशा।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे के आह्वान पर रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से पालघर तालुका की आंगनवाड़ियों और जिला परिषद विद्यालयों के विकास को नई गति मिली है। बालकों को सुरक्षित, स्वच्छ और बालसुलभ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराने के लिए विभिन्न आधारभूत एवं शैक्षणिक उपक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास व्यंकटराव हुंडेकर के समन्वय तथा रिलायंस फाउंडेशन के योगेश जोशी और परियोजना प्रबंधक सोहम पाटील के माध्यम से इन कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पालघर समूह के कमारे, वाकसई, मायकोप, केळवे और देवीपाडा क्षेत्र की सात आंगनवाड़ियों की मरम्मत एवं नवीनीकरण किया गया है। दीवारों पर चित्रकारी, जलरोधक व्यवस्था और स्वच्छता कार्यों के साथ आंगनवाड़ी परिसरों में परसबाग विकसित कर सात से दस प्रकार की सब्जियां लगाई गई हैं। इससे बच्चों के पोषण में भी सहायता मिल रही है। करीब 50 माताओं के लिए पोषण कार्यशाला आयोजित की गई तथा सातवें से नौवें महीने की गर्भवती महिलाओं को प्रोटीन किट वितरित की गई।
‘कहानी, कला, खुशी’ उपक्रम के अंतर्गत 50 करियर कार्डों के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न व्यवसायों, आवश्यक शिक्षा, कौशल और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है। कमारे सहित पालघर तालुका के विद्यार्थियों तक पहुंचा यह उपक्रम अब तक लगभग 3 हजार विद्यार्थियों तक पहुंच चुका है।
वाकसई के समाज मंदिर में कक्षा आठवीं से दसवीं के 45 विद्यार्थी प्रतिदिन शाम छह बजे के बाद दो से ढाई घंटे अतिरिक्त शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। रिलायंस फाउंडेशन की ओर से नियुक्त शिक्षकों द्वारा गणित, अंग्रेजी और सामान्य विज्ञान का मार्गदर्शन दिया जा रहा है। विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिमाह अभिभावक बैठक के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति की समीक्षा की जाती है। विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने हेतु समाज मंदिर की खिड़कियों और दरवाजों की भी मरम्मत की गई है।
इसके अलावा केळवे रोड क्षेत्र के जिला परिषद विद्यालय में कक्षा पहली से सातवीं तक के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल कक्षा विकसित की गई है। पालघर तालुका के 10 जिला परिषद विद्यालयों में शतरंज, कैरम, क्रिकेट, बैडमिंटन और फुटबॉल सहित विभिन्न खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है। आंगनवाड़ियों और विद्यालयों में पेयजल सुविधाओं की मरम्मत एवं देखभाल का कार्य भी किया गया है।
Comments
Post a Comment