पालघर: बोईसर रेलवे अंडर ब्रिज मुद्दे पर प्रशांत संखे की पहल से मंत्रालय में अहम बैठक, सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन।
पालघर: बोईसर रेलवे अंडर ब्रिज मुद्दे पर प्रशांत संखे की पहल से मंत्रालय में अहम बैठक, सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के बोईसर के वंजारवाडा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर ठोस पहल होती दिखाई दे रही है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत संखे द्वारा उठाए गए मुद्दे पर राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंदोलन के दिन प्रशांत संखे ने बोईसर वंजारवाडा स्थित रेलवे अंडर ब्रिज समस्या को लेकर महाराष्ट्र के पालकमंत्री गणेश नाईक तथा सार्वजनिक बांधकाम मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर नागरिकों की मांग उनके समक्ष रखी थी। उस समय दोनों मंत्रियों ने इस विषय पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया था।
इसी क्रम में आज प्रशांत संखे ने विधायक विलास तरे के साथ मंत्रालय पहुंचकर पालकमंत्री गणेश नाईक से प्रत्यक्ष मुलाकात की। इस दौरान गणेश नाईक ने तुरंत सार्वजनिक बांधकाम मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले से संपर्क साधा और रेलवे अंडर ब्रिज से जुड़े मुद्दे पर चर्चा सुनिश्चित कराई।
इसके पश्चात आयोजित बैठक में बोईसर वंजारवाडा के रेलवे अंडर ब्रिज के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में इस लंबे समय से लंबित समस्या के समाधान हेतु सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ और आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन संबंधित मंत्रियों द्वारा दिया गया।
बोईसर वंजारवाडा क्षेत्र के नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग को आगे बढ़ाने और उसे शासन स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रशांत संखे ने विधायक विलास तरे, पालकमंत्री गणेश नाईक तथा सार्वजनिक बांधकाम मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्थानीय नागरिकों को अब इस बात की उम्मीद है कि शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण बुनियादी सुविधा से संबंधित कार्य प्रारंभ होगा और क्षेत्र की यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकल सकेगा।
Comments
Post a Comment