पालघर: बिना चेतावनी सड़क खोदना बना खतरा, प्रशासन की लापरवाही से हादसे का डर।

पालघर: बिना चेतावनी सड़क खोदना बना खतरा, प्रशासन की लापरवाही से हादसे का डर।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के कैमलिन से वसुंधरा अमूल की ओर जाने वाले मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य ने प्रशासन की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। जहां नियमों के अनुसार निर्माण स्थल पर चेतावनी संकेत, सावधानी बोर्ड और सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाने चाहिए, वहां हैरानी की बात यह है कि एक भी संकेत नजर नहीं आ रहा। यह मामला बोईसर एमआईडीसी क्षेत्र का है।
बिना किसी पूर्व सूचना के सड़क को बीच से खोद दिया गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। खासकर रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब अंधेरे में सड़क की यह खुदाई किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
बोईसर एमआईडीसी क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य जारी है। कुछ जगहों पर नियमों का पालन करते हुए चेतावनी संकेत और सूचना पट्ट लगाए गए हैं, जबकि कई स्थानों पर पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मुद्दे को लेकर कई बार संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि अगर यहां कोई गंभीर दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
प्रशासन की इस उदासीनता ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि तुरंत प्रभाव से चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय लगाए जाएं, अन्यथा किसी भी अनहोनी के लिए संबंधित विभाग को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

Comments